जम्मू-कश्मीर: उधमपुर रेलवे स्टेशन के रेलवे यार्ड पर ट्रेन का इंजन ट्रक के साथ टकरा गया। चालक सामान को लोड करने के बाद ट्रक को बैक कर रहा था और इसी बीच मालगाड़ी के इंजन ने ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है। उधमपुर में रेलवे स्टेशन के यार्ड पर ट्रकों में खाद लोड की जा रही थी। यह खाद ट्रकों में भर कर कश्मीर भेजी जा रही थी।
इसी दौरान एक ट्रक में खाद लोड की गई और लोड होने के बाद चालक ट्रक को बैक करने लगा। जब वह बैक कर रहा था तो इसी दौरान मालगाड़ी इंजन आ गया। इंजन के चालक ने हार्न के जरिए ट्रक चालक को चेतावनी दी कि वह अभी ट्रक को बैक न करे, लेकिन ट्रक के चालक ने चेतावनी को नजर अंदाज कर ट्रक को बैक करने के लिए प्रयास में पटरी पर पहुंचा दिया। इसी दौरान इंजन ने ट्रक को टक्कर मार दी। इंजन की टक्कर से ट्रक करीब 20फीट तक घसीटते हुए टायरों के मिट्टी में फंसने पर रुक गया। इस दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई।
