नयी दिल्ली: कांग्रेस ने कहा है कि पुलवामा हमले पर जम्मू-कश्मीर के तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक के हाल के खुलासे से जो तथ्य सामने आए हैं, वे हैरान करते हैं और देशवासियों को उम्मीद थी कि सरकार इसका जवाब देगी लेकिन आश्चर्य की बात है कि मोदी सरकार ने इस पर चुप्पी साध ली है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मलिक ने खुलासा किया है कि श्रीनगर भेजने के लिए यदि जवानों को पांच विमान मुहैया कराए जाते तो उन्हें शहादत से बचाया जा सकता था। उन्होने कहा, ” मलिक ने स्पष्ट तौर पर हाल में दिए साक्षात्कार में खुलासा किया कि यह हमला खुफिया विफलता तथा सुरक्षा में चूक के कारण हुआ। यदि विमान मुहैया कराये जाते तो जवानों की शहादत को रोका जा सकता था लेकिन सरकार ने विमान देने से इनकार कर दिया।”
