Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gurugram : आग की अलग-अलग घटनाओं में बस, फैक्ट्री जली, कोई हताहत नहीं

April 7, 2023

Gurugram : आग की अलग-अलग घटनाओं में बस, फैक्ट्री जली, कोई हताहत नहीं

गुरुग्राम: गुरुग्राम के एनएच-48 पर रामपुरा फ्लाईओवर और बेहराम पुरा गांव में शुक्रवार को आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में एक बस और एक फैक्ट्री जलकर खाक हो गई। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर रामपुरा फ्लाईओवर पर सुबह करीब आठ बजे एक निजी बस में आग लग गई। यह घटना तब हुई जब बस कंपनी के एक कर्मचारी को लेकर जा रही थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘चालक ने देखा कि बस में आग लग गई है, चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और आग बुझाने वाले यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

सभी यात्रियों को बचा लिया गया।’’ उन्होंने कहा कि दमकल विभाग की टीम द्वारा जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक वाहन जलकर खाक हो चुका था। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दूसरी घटना इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी ओकिनावा के गोदाम में हुई। दमकल अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा, ‘‘घटना की जानकारी गोदाम के कर्मचारियों ने सुबह करीब नौ बजकर 10 मिनट पर दमकल विभाग को दी। संदेह है कि गोदाम के अंदर कुछ चिंगारी के कारण यह घटना हुई और हम मामले की जांच कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दोनों ही घटना में आग बुझाने में दमकल की करीब 16 गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। अंतत: आग पर काबू पा लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें