Site icon Dainik Savera Times

अमरनाथ यात्रा सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हैड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या

जम्मू/श्रीनगर : इस साल जम्मू-कश्मीर पुलिस कर्मियों को निशाना बनाकर किए गए पहले आतंकी हमले में, एक अकेले आतंकवादी ने अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक हैड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शुरू हुए आतंकवाद विरोधी अभियान में दर्जनों संदिग्ध ओवरग्राऊंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कर्मी पर हमला दोपहर करीब 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर हुआ।

अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आईआरपी की तीसरी बटालियन के हैड कांस्टेबल आशिक हुसैन को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं और उन्हें अनंतनाग के सरकारी मैडीकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लश्कर-ए-तोएबा के एक गुप्त संगठन, द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस हमले की जिम्मेदारी ली। हत्या के तुरंत बाद, सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और हमलावर को पकड़ने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए हमले वाली जगह का दौरा किया। पुलिसकर्मी की हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के 4 जिलों- अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां और कुलगाम में आतंकवाद विरोधी व्यापक अभियान चलाया और दर्जनों संदिग्ध अवैध हमलावरों को हिरासत में लिया।

Exit mobile version