उधमपुर : जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नचलाना के निकट देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका सहायक गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रीनगर से गुजरात की ओर जा रहा ट्रक खारी पुल के पास अनियंत्रित होकर बिशलरी नाले के निकट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
घायल सहायक का अस्पताल में उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का पंजीकरण नंबर आरजे19जीएफ/2267 है। ट्रक श्रीनगर से गुजरात की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीच रात नचलाना के पास खारी पुल क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर बिशलरी नाले के निकट गहरी खाई में गिर गया। मृतक चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले की फागनिया तहसील निवासी सादिक खान, पुत्र दूदा खान, के रूप में हुई है।
वहीं, घायल सहायक की पहचान बाड़मेर जिले के धानू निवासी सिकंदर, पुत्र हाशिम, के रूप में की गई है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपजिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चालक सादिक खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सहायक सिकंदर का उपचार जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

