Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रामनगर के गुल्ली गल्ला में भीषण सड़क हादसा, महिला-बच्ची समेत 2 की मौत, कई घायल

October 22, 2026

रामनगर के गुल्ली गल्ला में भीषण सड़क हादसा, महिला-बच्ची समेत 2 की मौत, कई घायल

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा बसंतगढ़ तहसील के पंचाउंड क्षेत्र के गुल्ली गल्ला में उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी बस पचौंड से रामनगर की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दुर्घटना में एक महिला और एक छोटी बच्ची की जान चली गई।

हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और बचाव दलों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और रामनगर के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए उधमपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा उपचार की व्यवस्था में सहयोग किया। उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर अनंत द्विवेदी और रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज ने घायलों के उपचार और राहत व्यवस्था का जायजा लिया। विधायक ने घायलों का हाल जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने दुर्घटनास्थल की सड़क की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे के बाद डिप्टी कमिश्नर से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, खतरनाक मोड़ों पर सावधानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत को उजागर किया है।

घायलों की पहचान रोहित कुमार 15 वर्ष, नवनीत साजन 15 वर्ष, रतन चंद 50 वर्ष, सुनीता देवी 24 वर्ष (मृतक) निवासी पंचाऊंड, तक्षिका 5 वर्ष (मृतक) पिता राकेश कुमार निवासी छतराड़ी, अंकित कुमार 2 वर्ष, रवि कुमार 47 वर्ष, नीलमा देवी 50 वर्ष, किरण बंसल 8 वर्ष, कवियांश 8 वर्ष, आरती 18 वर्ष, अर्शान्या 9 वर्ष, राजन डोगरा 18 वर्ष, सुखलेखा देव, 33 वर्ष, अंकिश भारती 17 वर्ष के रूप में हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें