Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सांबा के दयानी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 1 आल्टो सवार यात्री की मौत

June 17, 2026

सांबा के दयानी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 1 आल्टो सवार यात्री की मौत

सांबा : सांबा जिला के दयानी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क के क्रॉस बैरियर से टकरा गई। कार में दो महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे सवार थे। हादसे में सभी छह यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एम्स विजयपूर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान एक यात्री ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस बीच स्थानीय लोगों ने दयानी क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर यातायात प्रभावित रहता है।

कई बार आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस, को भी जाम का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के बारे में प्रशासन को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग की शीघ्र मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें