Site icon Dainik Savera Times

जब तक कांग्रेस मोदी को नहीं हटाती, तब तक मैं मरने वाला नहीं: खरगे

जम्मू: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि जब तक कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से बाहर नहीं कर देती, तब तक वह मरने वाले नहीं हैं।

खरगे ने कठुआ जिले के जसरोटा निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “हम जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ेंगे। मैं 83 साल का हूं और इतनी जल्दी मरने वाला नहीं हूं। मैं तब तक जिंदा रहूंगा, जब तक प्रधानमंत्री मोदी सत्ता से बाहर नहीं हो जाते।”

इस बीच, खरगे को चक्कर आने के कारण अपना भाषण रोकना पड़ा। ठीक होने के बाद उन्होंने कहा कि वह इतनी जल्दी मरने वाले नहीं हैं और निश्चित रूप से तब तक नहीं, जब तक कांग्रेस मोदी को सत्ता से बाहर नहीं कर देती। इससे पहले खरगे ने कठुआ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने शुरुआत में कहा कि केंद्र सरकार कभी चुनाव नहीं कराना चाहती थी। उन्होंने कहा, “अगर उसका विधानसभा चुनाव कराने का इरादा होता, तो वह इसे बहुत पहले करा लेती। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद ही जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा की गयी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल शासन के जरिये रिमोट कंट्रोल वाली सरकार चलाना चाहती थी।”

खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी जम्मू-कश्मीर के युवाओं से झूठे वादे कर रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा, “इन लोगों (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को सबसे अंधकारमय युग में धकेल दिया है, जिसके लिए प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदार हैं।”

उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस क्षेत्र के कल्याण और विकास के लिए काम करेगी। खरगे ने कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे और लोगों से एक अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में उनका समर्थन करने की अपील की।

गौरतलब है कि ​​जम्मू, कठुआ, सांबा और उधमपुर जिलों में एक अक्टूबर को अंतिम चरण में मतदान होगा। परिणाम आठ अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।

Exit mobile version