Site icon Dainik Savera Times

भारत-पाकिस्तान तनाव: पूरे जम्मू में ब्लैकआउट, धमाके की आवाज सुनी गई; आसमान में दिखे ड्रोन

Operation Sindoor: पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार रात जम्मू में रात 8 बजे ब्लैकआउट कर दिया गया, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से भारी शेलिंग और ड्रोन गतिविधि देखी गई। खासकर आरएसपुरा सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से लगातार गोले दागे जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई जगह तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं, जिससे लोग डरे-सहमे हैं।

सरहदी राज्यों में हाई अलर्ट
पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान जैसे सरहदी राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पंजाब के गुरदासपुर और राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर में रोजाना रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा। इन इलाकों में प्रशासन ने लोगों को निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, श्रीगंगानगर और बीकानेर में ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी करने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

ऑपरेशन सिंदूर के अगले दिन यानी बुधवार-गुरुवार की रात पाकिस्तान ने भारत के 15 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारत ने रूस से मिले S-400 डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करके इन हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया। इसके जवाब में गुरुवार सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम तबाह कर दिया, जिसमें इजराइल से मिले हार्पी ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार दोपहर बताया कि पाकिस्तान ने अवंतिपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज में ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी से सभी हमलों को विफल कर दिया।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: जानें किस राशि के लिए खुलेंगे नए मौके, किसे रहना होगा सतर्क

Exit mobile version