जम्मू- कश्मीर: पुंछ जिले के शांत माने जाने वाले गांव कनूईयां में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बता दें कि 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में खेतों से बरामद किया गया। शव की हालत बहुत सड़ी-गली थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
तीन दिन से था लापता
मृतक की पहचान कनूईयां निवासी रिषभ शर्मा पुत्र हरबंस लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिषभ बीते तीन दिनों से अपने घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी। ग्रामीणों ने खेत में बदबू आने पर जांच की तो शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया है ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
इलाके में फैली दहशत, जांच जारी
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना की वजह जानने को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रिषभ की मौत हादसा थी, आत्महत्या या फिर हत्या।

