Site icon Dainik Savera Times

Jammu & Kashmir Elections: निर्वाचन आयोग ने विस्थापित कश्मीरियों के लिए स्थापित किए 24 मतदान केंद्र

जम्मू: निर्वाचन आयोग ने आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में कश्मीर से विस्थापित हुए लोगों के मतदान की सुविधा के लिए जम्मू, उधमपुर और नयी दिल्ली में 24 विशेष मतदान केंद्र बनाए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पांडुरंग के. पोल ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि कश्मीर घाटी से विस्थापित होकर दिल्ली,जम्मू और उधमपुर में रह रहे लोगों को ‘फॉर्म-एम’ नहीं भरना होगा, जैसा कि लोकसभा चुनावों में करना पड़ा था।

उन्होंने कहा,‘‘जम्मू, उधमपुर और दिल्ली में रह रहे कश्मीरी विस्थापितों जिन्होंने चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से वोट डालने का विकल्प चुना है वे 24 मतदान केंद्रों पर ऐसा कर सकते हैं। जम्मू में 19, उधमपुर में एक और दिल्ली में चार मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा,‘‘लोकसभा चुनावों के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के अनुरूप इन मतदाताओं के लिए फॉर्म-एम भरने की पूर्व अनिवार्यता को हटा दिया गया है। जम्मू-कश्मीर की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरण के तहत चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगा। नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version