Dainik Savera Times

जम्मू कश्मीर पुलिस ने पुलवामा मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के OGW Network से IED किए बरामद

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर पुलिस ने हाल ही में दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में मुठभेड़ में मारे गए शीर्ष आतंकवादी कमांडर रेयाज अहमद डार के ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क (ओजीडब्ल्यू) से छह किलो के दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किये है।

आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर डार अपने सहयोगी रईस अहमद डार के साथ गत तीन जून को पुलवामा के निहामा गांव में संयुक्त बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान एके-47 राइफल, एके-47 राउंड, पिस्तौल आदि और अन्य आपत्तिजनक सामग्री सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किये गए।

इस संबंध में पुलिस स्टेशन काकापोरा में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि जांच में यह पता चला कि आतंकवादियों को निहामा के निवासियों बिलाल अहमद लोन, सज्जाद गनी और शाकिर बशीर के रूप में पहचाने गए ओजीडब्ल्यू द्वारा आश्रय और रसद दिया गया था। पुलिस के सोमवार देर रात जारी एक बयान में कहा गया ‘ओजीडब्ल्यू नेटवर्क का खुलासा किया गया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान पता चला कि मारे गए दोनों आतंकवादियों ने आईईडी तैयार किया था जिसे बाद में शाकिर बशीर के कब्जे से बरामद किया गया। बशीर ने इसे बगीचों में छिपा दिया था। इन आईईडी विस्फोटकों को सक्रिय सर्किट ट्रिगर तंत्र के साथ एक प्लास्टिक कंटेनर में पैक किया गया था। इनका वजन लगभग छह किलोग्राम था। इसे बाद में पुलवामा पुलिस और सेना ने यथास्थान नष्ट कर दिया।‘‘ पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version