जम्मू कश्मीर डेस्कः जम्मू में शीतलहर के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री नीचे गिरकर 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 14 वर्षों में जनवरी माह के दौरान चौथी बार इतना कम दिन का तापमान रहा है। इससे पहले वर्ष 2011 में जनवरी में न्यूनतम दिन का तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
पारे में आई भारी गिरावट के कारण जम्मू इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। श्रीनगर, पहलगाम और गुलमर्ग सहित प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में भी जम्मू अधिक ठंडा रहा। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जम्मू संभाग के समर जोन में सरकारी और निजी स्कूलों की सर्दी की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। दृश्यता बेहद कम होने से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। ठंड का असर बाजारों में भी साफ देखा जा रहा है।
उधर, रात के तापमान में भारी गिरावट के चलते विश्व विख्यात डल झील समेत कश्मीर के कई खुले जलाशय जम गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 16 जनवरी से मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और 20 जनवरी तक कुछ इलाकों में बारिश व बर्फबारी की संभावना है।
हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 7 से 9 डिग्री अधिक बना हुआ है। मकर संक्रांति के दिन जम्मू में पूरे दिन कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.9 डिग्री कम होकर 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक होकर 13.3 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 10.6 डिग्री और गुलमर्ग में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
17 जनवरी तक बढ़ीं सर्दी की छुट्टियां
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जम्मू संभाग के समर जोन में आने वाले सरकारी और निजी स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों को 17 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग जम्मू के निदेशक डॉ. नसीम जावेद चौधरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों पर लागू होगा।
हालांकि, 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। स्कूलों को छठी कक्षा से ऊपर की कक्षाओं के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। पहले स्कूल 15 जनवरी को खुलने थे, लेकिन अब छुट्टियों की अवधि बढ़ा दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...