Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुरक्षा बालों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, सर्च ऑपरेशन जारी

May 24, 2026

सुरक्षा बालों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, सर्च ऑपरेशन जारी

Jammu & Kashmir: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवाद-विरोधी अभियान रविवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गया। छिपे हुए आतंकवादियों का पता लगाने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात रहे। शनिवार को जंगल वाले इलाके में उस वक्त मुठभेड़ शुरू हो गई, जब छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी कर दी।

आतंकवादियों की गोलीबारी का जवाब दिया गया, जिसके बाद वहां मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ सहित सुरक्षा बलों ने राजौरी जिले के गम्भीर मुगलन के जंगलों में 2-3 आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के बाद इलाके में मिलकर आतंकवाद-विरोधी अभियान शुरू किया।

नागरोटा स्थित सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा, “ऑपरेशन शेरवाली: आतंकवादियों से मुठभेड़।”

ये भी पढ़ें- ऑरेंज कैप की रेस में शामिल हुए प्रभसिमरन, जानें किसके पास है पर्पल कैप

 

गोलीबारी शुरू
सेना ने कहा, “आज सुबह करीब 11:30 बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर चलाए गए एक इंटेलिजेंस-आधारित संयुक्त ऑपरेशन के दौरान, गंभीर मुगलन, राजौरी के इलाके में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ। सैनिकों ने तुरंत और नपे-तुले तरीके से जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई और इलाके की घेराबंदी प्रभावी ढंग से कर ली गई है। ऑपरेशन अभी भी जारी है।”

भेजे गए अतिरिक्त सुरक्षा बल
कल आतंकवादियों से संपर्क स्थापित होने के बाद छिपे हुए आतंकवादियों के भागने के रास्तों को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तुरंत मौके पर भेजे गए।

माना जा रहा है कि जंगल के इस इलाके में दो से तीन आतंकवादी फंसे हो सकते हैं। राजौरी जिले की पीर पंजाल रेंज में स्थित यह जंगली इलाका, अपनी खड़ी पहाड़ियों, घने जंगलों और सीमित पहुंच के कारण आतंकवाद-विरोधी अभियानों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण इलाकों में से एक माना जाता है।

ये भी पढ़ें- बारामूला में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, 14 आरपीजी शेल समेत हथियार, गोला बारूद बरामद

जगह-जगह बनाए गए चेकपॉइंट
सुरक्षाकर्मियों ने आस-पास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। जगह-जगह चेकपॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही, वाहनों और पैदल चलने वालों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पूरे दिन तलाशी अभियान जारी रहा, जिसके तहत सुरक्षा बलों ने जंगल के कई हिस्सों में व्यवस्थित तरीके से सघन तलाशी अभियान चलाए।

तलाशी अभियान जारी
पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और तलाशी अभियान अभी भी जारी हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे। इस अभियान में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें