जम्मू कश्मीर न्यूजः उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। सदाना सेक्टर स्थित सेना के एक शिविर में अचानक आग लग गई, जिससे लकड़ी से बनी कई बैरकें क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात को हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि शिविर की चार से पांच बैरकें इसकी चपेट में आ गईं। बैरकें लकड़ी की बनी थीं और उनकी छतें जीसीआई शीट की थीं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आगजनी की इस घटना में चार बैरकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।