
जम्मू कश्मीर डेस्कः रामनगर की पंचायत लड़ाना में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अपने जवान बेटे की असमय मौत का गहरा सदमा एक मां सहन नहीं कर सकी और करीब 15 घंटे बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, पंचायत लड़ाना निवासी फारूक मोहम्मद का 32 वर्षीय बेटा अरशद अहमद दो जनवरी को सुबह करीब 11 बजे अपने बड़े भाई के साथ घर से लगभग दो किलोमीटर दूर मवेशियों के लिए पत्ते काटने गया था। अरशद एक पेड़ पर चढ़कर पत्ते काट रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी बड़े भाई ने घर पहुंचकर परिजनों को दी। जैसे ही बेटे की मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। 70 वर्षीय मां जातुन बेगम अपने बेटे की मौत का सदमा सहन नहीं कर सकीं। तीन जनवरी को अरशद अहमद को लड़ाना कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। बेटे की मौत के बाद से ही मां गहरे सदमे में थीं और बेसुध अवस्था में चली गईं। चार जनवरी की सुबह करीब चार बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दोपहर दो बजे उनका खाक-ए-जनाजा अदा किया गया।
मां और बेटे की एक के बाद एक हुई मौत से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। हर जुबां पर इसी दर्दनाक घटना की चर्चा है। हालांकि इस मामले में किसी प्रकार की पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...