Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir News: पुंछ में LoC के पास विस्फोटक सामग्री बरामद, ड्रोन से गिराए जाने की आशंका

जम्मू कश्मीर डेस्कः जम्मू संभाग के अंतर्गत नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पुंछ जिले में सेना ने विस्फोटक सामग्री की एक खेप बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाके में यह संदिग्ध सामग्री मिली है, जिसे ड्रोन के जरिए गिराए जाने की आशंका जताई जा रही है।

यह बरामदगी पुंछ जिले के खारी गांव स्थित चक्कन दा बाग इलाके में रंगर नाला और पुंछ नदी के बीच की गई। तलाशी के दौरान सेना को एक बैग मिला, जिसमें दर्जनों गोला-बारूद के राउंड और एक पीले रंग का टिफिन बॉक्स था। अधिकारियों का कहना है कि टिफिन बॉक्स में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) होने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।

उधमपुर में 3 आतंकियों की तलाश जारी

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। लगातार मिल रही संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट के बीच सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हैं और आतंकियों के खात्मे के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी उधमपुर आमोद अशोक नागपुरे ने रामनगर तहसील के जोफर क्षेत्र में जारी ऑपरेशन के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में इस समय तीन आतंकवादी सक्रिय हैं, जिनकी लगातार मूवमेंट देखी जा रही है। इन आतंकियों को पकड़ने या मार गिराने के लिए पिछले 20 दिनों से लगातार एंटी-टेरर ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पठानकोट में सर्च ऑपरेशन जारी

नए साल के मौके पर सेना और सुरक्षा एजेंसियां बॉर्डर इलाकों में हाई अलर्ट पर हैं। पंजाब-जम्मू सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नववर्ष के दौरान आतंकी गतिविधियों या किसी संभावित साजिश की आशंका के चलते पठानकोट से सटे जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बमियाल क्षेत्र में आज भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी ऑपरेशन गुरबख्श सिंह कर रहे हैं। बीएसएफ के जवानों, घातक कमांडो और पुलिस बल ने नदी से सटे इलाकों और खंडहरनुमा इमारतों में गहन तलाशी ली।

Exit mobile version