Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir: आरएसपुरा सेक्टर में संदिग्ध ड्रोन मिलने से हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

suspected drone

suspected drone

जम्मू-कश्मीर डेस्कः सीमा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे आरएसपुरा सेक्टर के सीमावर्ती इलाके में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे बीओपी जुगनू चक के सहायक कमांडेंट प्रदीप शर्मा ने पुलिस चौकी चकरोई को फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि रात लगभग 8 बजे चकरोई क्षेत्र के कृषि फार्म से लौट रहे कृषि रक्षक बिपन कुमार ने नवापिंड मोटर पोजीशन और आर्मी डीसीबी के बीच एक ड्रोन पड़ा होने की जानकारी दी थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बीएसएफ की टीम ने ड्रोन को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह ड्रोन रिकॉनिसेंस (निगरानी) उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया प्रतीत हो रहा है। इससे सीमा पार से जासूसी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ड्रोन को विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं, ड्रोन मिलने के बाद आसपास के सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बीएसएफ द्वारा अतिरिक्त गश्त और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन के स्रोत और इसके इस्तेमाल की मंशा का पता लगाने के लिए मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Exit mobile version