Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीरः पुलिस की आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, आतंकी हैंडलर अब्दुल अजीज की संपत्ति कुर्क

terrorist handler Abdul Aziz

terrorist handler Abdul Aziz

जम्मू-कश्मीर डेस्कः प्रदेश पुलिस ने आतंकवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर अब्दुल अजीज की अचल संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। अब्दुल अजीज सीमा पार से भारत विरोधी और आतंकी गतिविधियों में संलिप्त है।

जानकारी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्ति में 10 कनाल 14 मरला भूमि शामिल है, जो तहसील मंडी, जिला पुंछ में स्थित है। यह भूमि खसरा नंबर 491 के अंतर्गत आती है, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग ₹22.05 लाख है। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन मंडी में E&IMCO एक्ट की धारा 2/3 के तहत दर्ज FIR संख्या 07/2002 के संदर्भ में की गई है।

कुर्क की गई संपत्ति अब्दुल अजीज पुत्र अहमद लोन, निवासी चैंबर कनारी, तहसील मंडी, जिला पुंछ की है। आरोपी वर्तमान में पाकिस्तान से एक सक्रिय आतंकी हैंडलर के रूप में कार्य कर रहा है। वह पहले पाकिस्तान/PoJK भाग गया था और तब से लगातार देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बनी गतिविधियों में शामिल रहा है।

कानूनी प्रक्रिया से लगातार फरार रहने के कारण माननीय न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित किया था। पुंछ पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों के बावजूद आरोपी कानून की पकड़ से बाहर रहा, जिसके चलते न्यायालय ने उसकी अचल संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए।

न्यायालय के इन निर्देशों के तहत, पुंछ पुलिस ने राजस्व विभाग के सहयोग से सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं, सत्यापन और दस्तावेजी प्रक्रिया को पूरा करते हुए संपत्ति कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह कार्रवाई आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों को उनके संसाधनों से वंचित करने की व्यापक एवं निरंतर रणनीति का हिस्सा है।

Exit mobile version