जम्मू कश्मीर डेस्कः न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ कश्मीर में ठंड बढ़ गई है, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में खासकर घाटी के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। श्रीनगर में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस से कम था। दक्षिण कश्मीर का शोपियां घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के बराबर था, जबकि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस से कम था।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में, जहां शुक्रवार को हल्की बर्फबारी हुई थी, न्यूनतम तापमान माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि घाटी के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में पारा माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। कोकरनाग में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के बीच है, जो 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि है, जिसके दौरान रात का तापमान अक्सर फ्रीजिंग पॉइंट से कई डिग्री नीचे चला जाता है, और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’, जो पिछले साल 21 दिसंबर को शुरू हुआ था, 30 जनवरी को खत्म होगा, जिसके बाद ‘चिल्ला खुर्द’ और ‘चिल्लाई बच्चा’ आएंगे।
मौसम विभाग ने कहा है कि लगातार पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर को प्रभावित करेंगे, जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी होगी। विभाग ने कहा कि शनिवार और रविवार को अलग-अलग ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी संभव है, जबकि 19 और 20 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 21 जनवरी को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जिसके बाद 25 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। चेनाब घाटी, पीर-पंजाल रेंज और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में 23 से 24 जनवरी तक भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...