Site icon Dainik Savera Times

Jammu-Kashmir में सर्दी का कहर, जम्मू संभाग में घना कोहरा; बर्फबारी से ढके पहाड़

Jammu-Kashmir Weather Update

Jammu-Kashmir Weather Update

Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दोहरी चुनौती से जूझ रहा है। चिल्ले कलां के दौर में कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग के लिए 5 जनवरी तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कश्मीर में आगामी दिनों में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक मुख्तार अहमद के अनुसार, दिन में धूप निकलने से पहाड़ी इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है। इससे बर्फ से ढके क्षेत्रों में फिसलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है, खासकर ट्रैकिंग और ऊंचाई वाले इलाकों में भ्रमण के दौरान।

जम्मू में कोहरे का असर, यातायात प्रभावित

शनिवार सुबह जम्मू शहर और आसपास के इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। कटड़ा में ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण दोपहर बाद हेलिकॉप्टर सेवा बाधित रही, जिससे माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक जम्मू संभाग में कोहरे के चलते लंबी दूरी की ट्रेनें और हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

कश्मीर में राहत, प्रमुख सड़कें खुलीं

कश्मीर घाटी में शनिवार को मौसम साफ रहने से लोगों ने राहत की सांस ली। बर्फ हटाने के बाद जोजिला पास और मुगल रोड को यातायात के लिए खोल दिया गया है। इससे लद्दाख और पीर पंजाल क्षेत्र की ओर आवाजाही आसान हो गई है। बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पहले से ही खुला हुआ है।

गुलमर्ग रहा कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान

कश्मीर संभाग में गुलमर्ग सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 9.2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री रहा। वहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट पर पारा माइनस 2.0 डिग्री, अनंतनाग में माइनस 3.0 और शोपियां में माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

जम्मू संभाग में भद्रवाह सबसे सर्द

जम्मू संभाग में भद्रवाह माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री, कटड़ा में 6.6 डिग्री और राजोरी में 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। किश्तवाड़, डोडा और कठुआ में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

लद्दाख में भीषण ठंड बरकरार

लद्दाख क्षेत्र में ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 डिग्री, कारगिल में माइनस 11.2 डिग्री और नुब्रा घाटी में माइनस 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Exit mobile version