Site icon Dainik Savera Times

J&K: ड्रग माफिया पर बड़ी कार्रवाई: जम्मू में कथित अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/07/1000458397-1-1.mp4

श्रीनगरः ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल प्रशासन और जम्मू पुलिस ने 18 जुलाई की सुबह जम्मू के करनाल चक स्थित जावेद नगर में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान शरीफ हुसैन उर्फ बच्चू की कथित तौर पर अवैध रूप से निर्मित संपत्ति को ध्वस्त किया गया। आरोपी, अलखा कुल्लाह, मढ़, दोमाना निवासी लाल हुसैन का बेटा है और वर्तमान में निक्की तवी, जावेद नगर में रह रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, शरीफ हुसैन को नोवाबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के तहत NDPS एक्ट की धाराओं 8/21/22 में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के निर्देशों पर तेज किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि आतंकवाद के बाद नशीले पदार्थ समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं और इसी वजह से ड्रग तस्करों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। इस अभियान के तहत प्रशासन केवल ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध से अर्जित कथित अवैध संपत्तियों पर भी सख्त कार्रवाई कर रहा है।

गौरतलब है कि तोड़फोड़ की इस कार्रवाई से एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आरोपी की करीब 38 लाख रुपये की चल संपत्ति भी फ्रीज की थी। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य स्पष्ट संदेश देना है कि ड्रग तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अपराध से अर्जित संपत्तियों को उनके कब्जे में नहीं रहने दिया जाएगा।

प्रशासन ने युवाओं को नशे के खतरे से बचाने और केंद्र शासित प्रदेश से नारकोटिक्स नेटवर्क को समाप्त करने के लिए जम्मू-कश्मीर के दोनों डिवीजनों में एंटी-ड्रग अभियान जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

📍 Location: Jammu (Jammu)

Exit mobile version