Site icon Dainik Savera Times

Jammu News : नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन सहित युवक गिरफ्तार

Jammu Police

Jammu Police

जम्मू डेस्क : जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। दक्षिण जोन की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन जैसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक, पुलिस पोस्ट गढ़ीगढ़ की टीम ने लोअर गढ़ीगढ़ इलाके में नियमित नाका चेकिंग के दौरान एक युवक को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 7.25 ग्राम हेरोइननुमा पदार्थ और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह उर्फ काका, पुत्र जगीर सिंह, निवासी चक जंदर अरनिया, आर.एस. पुरा (वर्तमान निवासी टीसीपी खारियां, जिला जम्मू) के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना सतवारी में एफआईआर संख्या 245/2025 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जम्मू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उसकी मुहिम लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।

Exit mobile version