जम्मू डेस्क : जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि यह सफलता सतवारी थाना पुलिस को हनुमान चौक, पुराने सतवारी इलाके में नाका जांच के दौरान मिली, जब पुलिस ने एक सफेद स्विफ्ट कार (नंबर JK21L-1863) को रोका और उसमें से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद किया।
जम्मू में नशा तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम
पुलिस के अनुसार, नियमित नाका ड्यूटी के दौरान सतवारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में, एसडीपीओ सिटी साउथ जम्मू और एसपी सिटी साउथ के पर्यवेक्षण में, पुलिस चौकी चट्ठा के प्रभारी पीएसआई करनैल सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में चालक की पहचान सन्नी कुमार, पुत्र हरबंस लाल, निवासी दबुज काका, तहसील रामगढ़, जिला सांबा और सहयात्री की पहचान जसपाल सिंह उर्फ दीप नागरा, पुत्र दलार सिंह, निवासी नाथ कॉलोनी, पुराना सतवारी, जम्मू के रूप में हुई।
दो तस्कर गिरफ्तार
तलाशी के दौरान जसपाल सिंह के पास से लगभग 10 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया, जबकि सन्नी कुमार से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो अतिरिक्त कारतूस जब्त किए गए। वाहन से ₹21,590 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और एक धारदार हथियार (टोका) भी मिला।
पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी तस्करी के एक संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करती है, जिसकी जांच जारी है। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धाराएं 8/21/22/27-ए/29 और शस्त्र अधिनियम की धाराएं 3/4/25 के तहत एफआईआर संख्या 222/2025 सतवारी थाने में दर्ज की गई है।
जम्मू पुलिस ने कहा कि वे नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करेंगे और ऐसे तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।

