Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पशु तस्करी की दो कोशिशों को किया नाकाम, 3 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर पुलिस की पुंछ में अवैध पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। आपको बता दें कि पुलिस ने अवैध पशु तस्करी की दो अलग-अलग घटनाओं को विफल करते हुए छह गोवंश मवेशियों को मुक्त किया और तीन तस्करों को वाहनों सहित हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, सुबह मेंढर तहसील के मनकोट पुलिस चौकी ने नियमित जांच के दौरान सागरा से कश्मीर की ओर जा रही टाटा मोबाइल संख्या जेके12ए-3931 को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान इसमें बिना किसी वैध अनुमति के दो गोवंश मवेशी पाए गए। इसके तुरंत बाद वाहन को जब्त कर लिया गया। वाहन चालक अबू कयूम पुत्र मनसा निवासी मनकोट को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन मेंढर में मामला दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़े : Govardhan Puja 2025 : कब है गोवर्धन पूजा? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि

इसी तरह, पुंछ पुलिस स्टेशन की टीम ने पुंछ मुख्यालय नगर से आठ किलोमीटर दूर कलाई क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान टाटा मोबाइल संख्या जेके12-7899 को रोका। वाहन की जांच में इसमें अवैध रूप से श्रीनगर ले जा रहे चार गोवंश मवेशी पाए गए। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त किया और वाहन चालक मुहम्मद फारूक पुत्र हबीबुल्लाह, निवासी अजोट तथा मुहम्मद जमान को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन पुंछ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध पशु तस्करी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पशुओं की भलाई और सुरक्षा के लिए भी खतरा है। पुंछ पुलिस लगातार नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चला रही है ताकि अवैध पशु तस्करी को रोका जा सके और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

स्थानीय पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ एक मजबूत संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि वे किसी अवैध पशु परिवहन के बारे में जानकारी रखते हों, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Exit mobile version