Jammu Railway Division : उत्तर रेलवे के जम्मू संभाग ने गुरुवार को एक सुरक्षा बुलेटिन पुस्तिका जारी की जो काम के दौरान परिचालन विभाग के कर्मचारियों के लिए उपयोगी साबित होगी। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सुरक्षा नियमों से संबंधित विषय का संज्ञान लेते हुए डिवीजनल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) विवेक कुमार ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी अशोक सलारिया के साथ लोड सुरक्षित और स्थिर करने की उचित तकनीक के लिए एक हैंड मैनुअल के साथ एक सुरक्षा बुलेटिन जारी की।
पुस्तक का उद्देशय़ सुरक्षा नियमों और विनियमों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर श्री कुमार ने दोनों दस्तावेजों के हिंदी संस्करण का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सुरक्षा मैनुअल और बुलेटिन में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए निर्धारित विभिन्न निर्देश शामिल हैं। यह फील्ड ऑपरेटिंग स्टाफ के लिए एक रेडी रेकनर के रूप में काम करेगा। सुरक्षा बुलेटिन में ट्रेन में आग लगने की घटना, ट्रेन का अलग होना, झटका लगने पर ट्रेन का संचालन, प्रभार सौंपने या टेकओवर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, नॉन रनिंग लाइन से ट्रेन को रवाना करना, हॉट एक्सल का पता चलने पर की जाने वाली कार्रवाई, बाधित लाइन पर ट्रेन का आगम, विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की ड्यूटी और लोड स्थिरीकरण तथा साइड स्टेशनों पर सुरक्षा के दौरान फील्ड स्टाफ द्वारा बरती जाने वाली सावधानियां तथा तकनीक जैसे विषयों पर निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा बुलेटिन में एक क्यूआर कोड भी है, जिसमें सभी नवीनतम जेपीओ, सुरक्षा परिपत्र और संशोधन पर्चियों को कर्मचारियों की आसान पहुंच के लिए एक स्थान पर संकलित किया गया है। सिंघल ने बताया कि इन दस्तावेजों को फील्ड में सभी को वितरित करने की योजना है और यह स्टेशन मास्टरों, प्वाइंट्समैन और शंटिंग स्टाफ के लिए बहुत उपयोगी साबित होंगे।

