Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर भीषण हादसा, ट्रक और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत

road accident

road accident

जम्मू कश्मीर डेस्कः जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर सोमवार देर रात रामबन जिले के पीड़ा क्षेत्र में ट्रक और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और बचाव कार्य चलाया।

ये भी पढे़ं :-

पुलिस के अनुसार दुर्घटना रात करीब 10:35 बजे पीड़ा स्थित न्यू खजूरिया ढाबा के पास हुई। जम्मू से श्रीनगर जा रहा ट्रक (नंबर आरजे37जीए7418) ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार के कारण टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही एक अनजान व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों व पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को एंबुलेंस से रामबन जिला अस्पताल पहुंचाया।

मौके पर मिले मृतक की पहचान खुशदीप सिंह, पुत्र जगतार सिंह, निवासी वांदर जलाना, फरीदकोट (पंजाब) के रूप में हुई। उनका शव अस्पताल के शवगृह भेज दिया गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान सुभाष, पुत्र नोरंग लाल, निवासी वार्ड नंबर 13 मधोपुरा, गुदारवास साहनुसर, सीकर (राजस्थान) को मृत घोषित किया गया। अन्य घायलों में एक महिला भी शामिल है और सभी का उपचार जारी है। खबर लिखे जाने तक कुछ घायलों के नाम उपलब्ध नहीं हो सके थे।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर मार्ग को पुनः सुचारु कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एसएचओ चंद्रकोट जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संभवत: ट्रक का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हुआ और हादसा हुआ प्रतीत होता है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। हादसे के समय ट्रक का चालक फरार बताया जा रहा है। मृतक चालक किसी अन्य ट्रक का चलाने वाला प्रतीत होता है, जबकि दुर्घटना में घायल सभी लोग ट्रैक्टर में सवार थे।

ये भी पढे़ं :-

Exit mobile version