जम्मू : अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले जम्मू डेवलपमेंट अथॉरिटी (जेडीए) ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर बुधवार को एक बड़े अतिक्रमण-विरोधी अभियान में जम्मू रेलवे स्टेशन के पास, वैष्णवी धाम के पीछे और मंगल मार्केट के सामने लगभग चार कनाल जमीन वापस ली। इस ज़मीन की कीमत लगभग10 करोड़ रुपए आंकी गई है। प्रशासन द्वारा यह कदम अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले उठाया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत के लिए कड़े कदम उठाए जा सकें।
यात्रा शुरू होने के साथ ही रेलवे स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों में काफी भीड़ बढ़ जाती है। इस मार्किट के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। कहा जा रहा है कि यह जमीन कई सालों से बिना अधिकार के कब्जे में थी, जहां दो लोगों द्वारा बिना किसी कानूनी मंज़ूरी के कई ढाबे और कमिर्शयल दुकानें चलाई जा रही थीं। कब्जा करने वालों ने पहले हाई कोर्ट में अपने कब्जे को रेगुलर करने की अपील की थी। कोर्ट के निर्देशों के बाद, सक्षम अधिकारी ने मामले की जांच की और पाया कि यह कब्जा गैर-कानूनी और कानून के तहत मंजूर नहीं था।
इसके बाद अतिक्र मण हटाने और जमीन जेडीए को वापस सौंपने के आदेश जारी किए गए। अभियान के दौरान, ढाबों और कमिर्शयल यूनिट्स समेत 30 से अधिक गैर-कानूनी ढांचों को खाली कराया गया और गिरा दिया गया। इन अतिक्र मणों की वजह से रेलवे स्टेशन इलाके में गाडि़यों की भारी आवाजाही और सड़क किनारे पार्किंग से लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आने-जाने वालों, पैदल चलने वालों और रेल यात्रियों को अक्सर परेशानी होती थी।
अधिकारियों ने अतिक्रमण वाली जगह के आस-पास गैर-कानूनी गतिविधियों की ओर भी बार-बार ध्यान दिलाया था, जिनसे लोगों की सुरक्षा पर असर पड़ रहा था, साथ ही ढाबों पर खाना भी बहुत गंदी और अस्वच्छ स्थितियों में बनाया जा रहा था। जेडीए के वाइस चेयरमैन डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि सरकारी जमीन जनता की अमानत होती है और इसे गैर-कानूनी कब्जे से बचाना ज़रूरी है। उन्होंने सरकारी संपत्ति की सुरक्षा, नियोजित विकास और शहरी बुनियादी ढाँचे को प्रभावित करने वाले अतिक्र मणों के खिला.फ सख्त कार्रवाई करने के लिए अथॉरिटी की प्रतिबद्धता दोहराई।

