Site icon Dainik Savera Times

J&K: बारामूला में Lashkar, TRF के 4 आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, हथियार गोला-बारूद बरामद

श्रीनगर: सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को नाराधिरी डंगेरपोरा चौराहे पर स्थापित जांच चौकी पर सुरक्षा बलों ने दो संदिग्धों को रोका।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध सुरक्षा बलों को देख भागने लगे लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आतंकवादियों के सहयोगियों की पहचान गुलाम हसन मीर और मुख्तार अहमद खान के रूप में की गई, जो बारामूला के चंदूसा के निवासी थे।’’

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चीन निर्मित पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगजीन, 12 कारतूस, दो हथगोले और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। प्रवक्ता ने बताया कि मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। दोनों से मिली जानकारी के आधार पर दो और व्यक्तियों काव्हार निवासी अल्ताफ अहमद राथर और कुंजर के फारूक अहमद नकीब को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने हथगोले रखने की बात कबूल की, जो उनके पास से बरामद किए गए और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच के दौरान यह सामने आया कि सभी चार आरोपी व्यक्ति लश्कर ए तैयबा/टीआरएफ से जुड़े हुए हैं और पूर्व में कुंजर निवासी एवं आतंकवादियों के सहयोगी मुदासिर अहमद शेख के लिए काम कर रहे थे। शेख फिलहाल जन सुरक्षा अधिनियम के तहत जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

Exit mobile version