Site icon Dainik Savera Times

J&K: पुलिस ने नशा तस्करी पर कसा शिकंजा; नशीली गोलियों के साथ युवक दबोचा

Arrested

Arrested

J&K: ऊधमपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बता दें कि थाना ऊधमपुर के अंतर्गत पुलिस चौकी बट्टल बल्लियां की टीम ने सैलां तालाब इलाके में गश्त के दौरान एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में प्रीगैबलिन कैप्सूल बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, गश्त पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उस व्यक्ति को इधर-उधर घूमते हुए देखा, जिसके बाद उसकी निगरानी की गई। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 1,520 प्रीगैबलिन कैप्सूल पाए गए, जिन्हें वह कथित रूप से अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से लेकर चल रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया।

बता दें कि आरोपी की पहचान मनोज गुप्ता, पुत्र बिशन दास, निवासी घोरड़ी (रामनगर) के रूप में हुई है, जो फिलहाल सैलां तालाब क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने बरामद सभी नशीले कैप्सूलों को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी इसी सख्ती के साथ चलती रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से मुक्त करने में मदद मिल सके।

Exit mobile version