जम्मू-कश्मीर: कठुआ में नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पुलिस ने मथुरा चक गांव में ड्रग माफियाओं की करोड़ों की संपत्ति को जब्त किया है। यह ऑपरेशन SSP कठुआ शोभित सक्सैना के निर्देश और DSP बॉर्डर धीरज सिंह कटोच की निगरानी में राजबाग थाना प्रभारी अजय सिंह चिब की टीम द्वारा किया गया।
पुलिस ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68-E और 68-F के तहत की गई, जिसके अंतर्गत अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को सील किया जा सकता है। जब्त की गई संपत्ति में 14 मरले जमीन (खसरा नंबर 31 और 33), एक डबल स्टोरी मकान, एक ट्रैक्टर और एक महिंद्रा वाहन शामिल हैं। कुल मिलाकर इनकी अनुमानित कीमत करीब 86 लाख रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह संपत्ति दो व्यक्तियों तेग अली पुत्र रुल्दो दीन और असलम पुत्र तेग अली, दोनों निवासी मथुरा चक, हीरानगर की है, जो ड्रग तस्करी में संलिप्त पाए गए थे। पुलिस ने जब्त की गई संपत्तियों पर सार्वजनिक नोटिस चस्पा कर स्पष्ट कर दिया है कि इन पर कोई भी लेन-देन, विक्रय, ट्रांसफर या लीज नहीं किया जा सकता। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि कोई तीसरा पक्ष इस संपत्ति पर किसी प्रकार का दावा नहीं कर सकता।
जिला पुलिस ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अपने अभियान का हिस्सा बताया है और कहा है कि ऐसे ऑपरेशन आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। SSP कठुआ ने स्पष्ट किया कि समाज को नशे की गिरफ़्त से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे। इस तरह की कार्रवाई न केवल नशा तस्करों को आर्थिक रूप से कमजोर करती है, बल्कि समाज में एक मजबूत संदेश भी देती है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

