Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

माता वैष्णो देवी आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, कटरा से बनिहाल के बीच विशेष ट्रेन सेवा का विस्तार

February 11, 2026

माता वैष्णो देवी आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, कटरा से बनिहाल के बीच विशेष ट्रेन सेवा का विस्तार

जम्मू कश्मीर डेस्कः उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर विशेष ट्रेन सेवा का विस्तार किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में विशेष ट्रेन संख्या 04688/04687 (बडगाम–बनिहाल) की सेवा को बढ़ाकर अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन तक कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन केवल बनिहाल तक संचालित होती थी।

ये भी पढ़ें :-

नई समय सारिणी

विस्तार के बाद यह ट्रेन बनिहाल से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन खारी, सुंबर, संगलदान, सावलकोट, दुगा, बक्कल और रियासी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में विशेष ट्रेन संख्या 04687 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से दोपहर 1:45 बजे प्रस्थान कर शाम 5:30 बजे बनिहाल पहुंचेगी। बनिहाल से बडगाम के बीच ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही चलेगी। इस हिस्से की समय सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कटरा से बनिहाल के बीच सभी ठहराव ट्रेन संख्या 04688 के समान रहेंगे।

यात्रियों में उत्साह

आज यह ट्रेन कटरा से श्रीनगर के लिए रवाना हुई, जिसमें यात्रा कर रहे यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मात्र 45 रुपये में कश्मीर तक की यात्रा संभव होने से आम यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। ट्रेन में यात्रियों को पर्याप्त सहूलियतें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गौरतलब है कि जून 2025 में प्रधानमंत्री द्वारा कटरा से श्रीनगर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई थी। हालांकि, अधिक किराया और टिकटों की वेटिंग के कारण यात्रियों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के विस्तार से आम यात्रियों और पर्यटकों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

अधिकारी का बयान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि इस विशेष ट्रेन सेवा को बनिहाल की बजाय श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य बडगाम से कटरा तक स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना तथा कश्मीर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर करना है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें