श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर इस बार गणतंत्र दिवस का नजारा खास रहा। 26 जनवरी के मौके पर यहां देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग लाल चौक के क्लॉक टावर के आसपास एकत्र हुए और पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में लोग तिरंगा लहराते, देशभक्ति के गीत गुनगुनाते और उत्साह के साथ समारोह में शामिल होते नजर आए। पर्यटकों से लेकर स्थानीय नागरिकों तक, हर कोई इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनता दिखा।
‘भारत माता की जय’ से गूंजा लाल चौक
गणतंत्र दिवस के इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यटकों ने भी भाग लिया। लाल चौक पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल गूंज उठा। छोटे बच्चे भी हाथों में तिरंगा लेकर खुशी-खुशी जश्न मनाते नजर आए, जिसने इस मौके को और भी खास बना दिया।
डर के साये से उत्सव के रंग तक
एक समय था जब लाल चौक का नाम आते ही हिंसा और पत्थरबाजी की तस्वीरें सामने आती थीं। लेकिन इस बार बिना किसी भय के लोगों का खुलेआम तिरंगा लहराना कश्मीर में आए बदलाव की कहानी बयां करता है। लोग नाचते-गाते, मुस्कुराते हुए इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाते दिखे।
यह नजारा 2019 से पहले बहुत कम देखने को मिलता था, जब सुरक्षा कारणों से आम लोगों की आवाजाही सीमित रहती थी। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब लाल चौक पर इस तरह के सार्वजनिक आयोजनों में बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि कश्मीर की तस्वीर बदल रही है।
ये भी पढ़ें: BJP कार्यालय जम्मू में विधायक और MP सतपाल शर्मा ने गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा
बख्शी स्टेडियम में भी हुआ भव्य आयोजन
लाल चौक के साथ-साथ श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में भी गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग जुटे। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने परेड की सलामी ली। परेड में बीएसएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, महिला पुलिस बल और स्कूली बच्चों ने मार्चपास्ट किया। इसके अलावा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।