Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल परिसर में भूस्खलन, चपेट में आया 7 वर्षीय छात्र, मौत

August 1, 2026

स्कूल परिसर में भूस्खलन, चपेट में आया 7 वर्षीय छात्र, मौत Landslide in school premises : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार को कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मावर इलाके में स्थित एक निजी स्कूल के परिसर में अचानक हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आने से सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्कूल परिसर में भूस्खलन का कहर

मृतक की पहचान रेहान अहमद डार के रूप में हुई है। वह खुदी मावर निवासी रेयाज अहमद डार का पुत्र था और मावर स्थित फ्रंट लाइन स्कूल में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण स्कूल परिसर की पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर खिसकने लगे। इसी दौरान रेहान उसकी चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने बच्चे को मलबे से बाहर निकाला और बिना समय गंवाए न्यू टाइप प्राइमरी हेल्थ सेंटर (NTPHC), कलमाबाद पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।

हादसे की जांच शुरू, सुरक्षा पर उठे सवाल

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि स्कूल परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। इस दुखद घटना के बाद पूरे मावर क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में स्थित स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए। लगातार हो रही बारिश के कारण कश्मीर घाटी के कई इलाकों में भूस्खलन और जलभराव जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें