
जम्मू/श्रीनगर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज बडगाम के बीरवाह इलाके के लालपोरा में जेके पुलिस के शहीद हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के परिवार से मुलाकात की। शहीद आशिक हुसैन कुरैशी ने इस हफ्ते की शुरूआत में अनंतनाग में हुए एक आतंकी हमले के दौरान ड्यूटी पर अपनी जान गंवा दी थी। उपराज्यपाल ने बहादुर पुलिसकर्मी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरे देश को बहादुर आशिक हुसैन कुरैशी पर गर्व है, जिनकी हिम्मत, बलिदान और कर्तव्य के प्रति निष्ठा हमेशा हमारी सामूहिक यादों में बसी रहेगी।
उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि शहीद के कर्तव्य-प्रेम और मातृभूमि के सम्मान के आदर्श, एक शांतिपूर्ण और समृद्ध केंद्र शासित प्रदेश बनाने की दिशा में पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन मजबूती से उनके साथ खड़ा है और उनकी भलाई और सम्मान का पूरा ध्यान रखेगा। उपराज्यपाल ने परिवार को यह भी आश्वासन दिया कि शहीद आशिक हुसैन कुरैशी के बेटे की पढ़ाई पूरी होने और अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के लिए योग्य होने तक उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा।
उपराज्यपाल ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकी इकोसिस्टम को खत्म करने में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का जि़क्र किया और जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने पूरे समाज, खासकर जम्मू-कश्मीर के युवाओं से अपील की कि वे शहीद के ‘माँ भारती’ के प्रति समर्पण और निष्ठा से प्रेरणा लें और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट रहें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...