Site icon Dainik Savera Times

उपराज्यपाल ने सीआरपीएफ महिला बाइक अभियान यशस्विनी को दिखाई हरी झंडी

जम्मू: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज श्रीनगर के प्रतिष्ठित लाल चौक से सीआरपीएफ महिला बाईक अभियान यशिस्वनी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 40 जिलों को पार करते हुए 2,134 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करके 31 अक्तूबर को आधुनिक भारत के एकीकरणकर्ता, पूर्व उप-प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता नगर गुजरात पहुंचेगा। इस अवसर पर अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए कई कठिन परिस्थितियों में सीआरपीएफ की वीरांगनाओं द्वारा दिखाई गई अद्वितीय बहादुरी, दृढ़ संकल्प और साहस को सलाम किया।

यशिस्वनी, सीआरपीएफ की वीरांगनाओं द्वारा महिला बाइक अभियान नारी शक्ति के लचीलेपन और ताकत का प्रतीक है। उपराज्यपाल ने कहा कि यह नारी शक्ति के बलिदान, उनके आत्म-विश्वास का भी प्रतिनिधित्व करता है और आज वे धैर्य, दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कई मील के पत्थर हासिल कर रही है। उपराज्यपाल ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने और जम्मूकश्मीर की विकास यात्रा का नेतृत्व करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाने के सरकार के प्रयासों को साझा किया। नारी शक्ति का सशक्तिकरण और पूर्ण अधिकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन की प्रतिबद्धता और सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उप-राज्यपाल ने कहा कि हमारी बेटियां एक महत्वाकांक्षी समाज के सपनों को पूरा करने के लिए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता की इबारत लिख रही हैं। नारी शक्ति जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और वे विकसित भारत के लिए भी बहुत बड़ा योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति ही है जो भविष्य में मानवीय गरिमा और समाजिक समानता सुनिश्चित करेगी। उपराज्यपाल ने बाइक अभियान में भाग लेने वाली सभी वीरांगनाओं को शुभकामनाएं दी।

यात्रा के दौरान, श्रीनगर, शिलांग और कन्याकुमारी की तीनों टीमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ(बीबीबीपी) के लक्षित समूहों जैसे स्कूली बच्चों और कालेज की लड़कियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी के कैडेटों, सीसीआई के बच्चों के साथ बातचीत करेंगी। उप-राज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर, ए.के. चौधरी, विशेष महानिदेशक अपराध, नलिन प्रभात, ए.डी.जी सीआरपीएफ जम्मू-कश्मीर जोन, अजय कुमार यादव, आईजी सीआरपीएफ, विजय बिधूड़ी, संभागीय आयुक्त कश्मीर, सीआरपीएफ, नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Exit mobile version