Shri Amarnath Ji Yatra-2026 : श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने चंदनवाड़ी बेस कैंप का दौरा कर यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, यात्रा प्रबंधन टीम, स्वयंसेवकों, लंगर सेवा से जुड़े लोगों तथा श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लिया जाए और यात्रा के दौरान चौबीसों घंटे सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार “सरकार के सभी विभागों के आपसी सहयोग से, हम भगवान शिव के भक्तों को बेहतरीन भोजन और रहने की सुविधा देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मैं चाहता हूँ कि हर यात्री को सुखद दर्शन हों और एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव मिले।”

स्वास्थ्य सेवाओं का भी किया निरीक्षण
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने चंदनवाड़ी स्थित 100-बेड बेस अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के वार्ड, प्रयोगशाला और आपातकालीन इकाई का जायजा लिया और उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया।
उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समर्पित सेवाएं यात्रा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम की तैनाती की गई है। प्रतिदिन औसतन 2,500 से अधिक श्रद्धालुओं, सेवा प्रदाताओं और कर्मचारियों को ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
बिना पंजीकरण यात्रा पर न आने की अपील
मीडिया से बातचीत में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। इसे देखते हुए प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और सभी संबंधित विभागों ने पहले से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण वाले श्रद्धालु भी यात्रा मार्ग पर पहुंच रहे हैं। ऐसे श्रद्धालुओं से उन्होंने धैर्य बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों मार्गों पर प्रतिदिन यात्रियों की संख्या तय है और सुरक्षा कारणों से इसमें वृद्धि संभव नहीं है।
उपराज्यपाल ने कहा कि यात्रा की सफलता और सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षित, सहज और बेहतर अनुभव मिल सके।