जम्मू-कश्मीर डेस्क: भारत में एक के बाद एक परीक्षाएं रद्द हो रही है। अब जम्मू-कश्मीर में एमएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले ही रद्द कर दी गई। ओएमआर शीट में गड़बड़ी पाने जाने के कारण ये फैसला लिया गया। ओएमआर शीट में परीक्षार्थियों के नाम और रोल नंबर में गड़बड़ थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन ने पूरी परीक्षा ही रद्द कर दी।
परीक्षा रद्द होने से कुल 513 छात्र प्रभावित हुए हैं, जिसमें से श्रीनगर के एसपी कॉलेज में 348 और जम्मू के कॉमर्स कॉलेज में 165 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक था। अभ्यर्थी दोनों केंद्रों में परीक्षा के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। कई सफर तय कर दूर के जिलों से भी पहुंचे थे।
जेकेबोपी के अनुसार, तय प्रक्रिया के तहत परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले पर्यवेक्षकों, निरीक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों के सामने सीलबंद परीक्षा सामग्री खोली गई, तो पता चला कि कई ओएमआर शीट पर छपे नाम और रोल नंबर अभ्यर्थियों के विवरण से मैच नहीं हो पा रहे थे।
जेकेबोपी की अध्यक्ष प्रो. मीनू महाजन ने बताया कि प्रत्येक ओएमआर शीट पर संबंधित अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और फोटो छपा होता है, जो इससे संबंधित परीक्षार्थी के विवरण से मिलान नहीं हो पा रहा था। अगर इस गड़बड़ी के साथ परीक्षा करा दी जाती तो कॉपियों को चेक करने और परीक्षा परिणाम में बड़ी मुश्किल होती। परीक्षा को किसी एक केंद्र पर रोकना और दूसरे पर कराना संभव नहीं था। ऐसे में पूरी परीक्षा को रद्द करना ही एकमात्र रास्ता था।
प्रो. मीनू महाजन ने आगे कहा कि पेपर रद्द होने से विद्यार्थियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हुए हैं। इस मामले की पूरी जांच की जा रही है और जो कोई भी इसके लिए जिम्मेदार होगा। उस पर कार्रवाई भी की जाएगी। मैं समझ सकती हूं कि इस फैसले से छात्रों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने परीक्षा के लिए कड़ी तैयारी की थी और यहां तक पहुंचने के लिए पैसे भी खर्च किए थे।

