
कटरा: महाअष्टमी के शुभ अवसर पर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने रविवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की शांति, समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की। उपराज्यपाल ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर‘लाइव दर्शन सुविधा’और द्विभाषी चैटबॉट का शुभारंभ और समर्पण किया। उन्होंने रूपा प्रकाशन द्वारा माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा पर एक यात्रा गाइड पुस्तक‘द भक्ति आफ शक्ति’का भी विमोचन किया। लाइव दर्शन सुविधा श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
श्रद्धालुओं की व्यापक सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड द्वारा यह पहल की गई है। इसके अलावा, तीर्थयात्रियों को प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से, आधिकारिक वेबसाइट के लिए एक द्विभाषी इंटरएक्टिव चैटबॉट‘शक्ति’विकसित किया गया है, जो तीर्थयात्रियों से प्राप्त प्रश्नों और शिकायतों के समाधान के लिए 2437 टोल-फ्री हेल्पलाइन है। गौरतलब है कि कॉल सेंटर द्वारा हर महीने 20,000 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुविधा प्रदान की जा रही है।
चैटबॉट श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं/सुविधाओं पर सभी प्रासंगिक जानकारी प्रदान करेगा और तीर्थयात्रियों को उनकी यात्रा की पहले से योजना बनाने में बहुत आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। इसमें तीर्थयात्रियों की जागरूकता और पवित्र तीर्थस्थल पर नवीनतम अपडेट के लिए वीडियो/आडियो सामग्री प्रसारित करने की भी सुविधा है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अंशुल गर्ग ने उपराज्यपाल को नवरात्रि के दौरान भक्तों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पद्मश्री प्रोफेसर विश्व मूर्ति शास्त्री और श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...