जम्मू : त्रिकुटा नगर के भवानी विहार इलाके में प्रवासी श्रमिकों की झुग्गियों में शुक्रवार दोपहर को भीषण आग लग गई। इस आगजनी में दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुआ जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह घटना पेश आई तब वहां पर कोई भी नहीं था। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। त्रिकुटा नगर के भवानी विहार इलाके में एक खाली प्लाट में 8 झुग्गियां बनी हुई हैं।
यहां पर बिहार के भागलपुर जिले के प्रवासी श्रमिक रहते हैं। कुछ दिन से सभी श्रमिक अपने गांव गए हुए थे और वहां पर केवल दो महिलाएं रह रही थीं। वह भी सुबह लोगों के घरों में काम करने के लिए गई थीं। इसी दौरान दोपहर के समय शॉर्ट सर्किट के कारण झुग्गी में आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई और जिससे सारा सामान जल गया। झुग्गियों में दो गैस सिलेंडर पड़े हुए थे जिनमें जोरदार विस्फोट हुआ।
विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। सिलेंडरों में विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के घरों की तरफ तेजी से फैल रही थी लेकिन दोनों विभागों के जवानों ने कड़ी मशक्कत के चलते आग को फैलने से रोक दिया।
8 में से चार झुग्गियां तो पूरी तरह से जल गई लेकिन चार झुग्गियों को बचा लिया गया। धमाके के कारण साथ सटे खाली प्लाट की झाडि़यां में भी आग लग गई। अगर आग अधिक भड़क जाती तो साथ सटे मकान तक भी पहुंच सकती थी। फिलहाल आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्रवासी श्रमिकों का कहना था कि उन्होंने सारी जमा पूंजी झुग्गियों के भीतर रखी थी जोकि आग की भेंट चढ़ गई लेकिन राहत की बात यह रही कि जिस समय यह भीषण हादसा पेश आया तब झुग्गियों के भीतर कोई नहीं था। अगर उस समय वहां प्रवासी श्रमिक रह रहे होते तो जान माल का काफी नुकसान हो सकता था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...