Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर आतंकवाद को खत्म किया : CM Yogi

April 11, 2024

मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर आतंकवाद को खत्म किया : CM Yogi

कठुआ: संसदीय चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जम्मू संभाग के कठुआ पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधित में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर आतंकवाद को खत्म किया है। अब दिल्ली का लाल किला हो या श्रीनगर का लाल चौक, चारों ओर विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कठुआ में आयोजित जनसभा में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि देश में एक मजबूत सरकार ने लोगों को कई सुविधाएं दी।

80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला। स्वास्थ्य की सुविधाएं भी नागरिकों को दी जा रही हैं। अब देश में पटाखा भी फूटता है तो पाकिस्तान सफाई देता है कि इसमें उसका हाथ नहीं है, क्योंकि उसे पता है कि अब भारत में मजबूत सरकार है। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या का नाम लेने से भी लोग कतराते थे, लेकिन अब 500 वर्षो का इंतजार समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद जब मैं अयोध्या गया तो लोगों ने कहा कि आपके यहां आने से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं तो मैंने जवाब दिया कि लोगों की नाराजगी को देखते हुए क्या वह अपने आराध्य से न मिले।

उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवा सकती थी। कांग्रेस कहती है कि राम हुए ही नहीं, कृष्णा हुए ही नहीं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चुनाव हो जाएंगे तो आप लोगों को अयोध्या आने की योजना बनानी चाहिए। अब अयोध्या आने में कोई समस्या नहीं है। जो कुछ वर्ष पहले गया होगा उसे समस्या हुई होगी। अब सब बदल गया है। अयोध्या में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। यूपी में कोई गड़बड़ी करता है तो हम संकोच नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि अब यूपी में भगवान भोलेनाथ की कावड़ यात्र धूम-धड़ाके के साथ निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि पहले सनातनी लोगों की आस्था से हमेशा खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस ने हमारे आराध्यों के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर देशवासियों को निराश किया है।

अब काशी विश्वनाथ धाम विकसित हो गया है। पहले यहां संकरी गली थी। अब रोजाना 50,000 लोग भी पहुंचे तो जगह की कमी नहीं होगी। इससे पहले, कठुआ के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्र म में पहुंचने पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी का स्वागत पगड़ी पहनाकर किया। मंच पर योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, महासचिव डी.के. मन्याल, पूर्व विधायक राजीव जसरोटिया सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें