Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी, राजनाथ सिंह ने 2027 तक हथियारों में 70 प्रतिशत आत्मनिर्भरता प्राप्त करने का लक्ष्य रखा: मनोज सिन्हा

September 12, 2023

मोदी, राजनाथ सिंह ने 2027 तक हथियारों में 70 प्रतिशत आत्मनिर्भरता प्राप्त करने का लक्ष्य रखा: मनोज सिन्हा

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2027 तक हथियारों में 70 प्रतिशत आत्मनिर्भरता प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उत्तरी कमान और आईआईटी जम्मू द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित नॉर्थ टेक संगोष्ठी में श्री सिन्हा ने कहा कि यह शिक्षाविदों के लिए एक गौरवान्वित होने वाला क्षण है क्योंकि अपनी स्थापना के बाद से पहली बार नॉर्थ-टेक संगोष्ठी, रक्षा एक्सपो आईआईटी जम्मू में आयोजित किया जा रहा है।

श्री सिन्हा ने कहा, “प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने 2027 तक हथियारों में 70 प्रतिशत आत्मानिर्भरता प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है, जो निजी उद्योगों, एमएसएमई और तकनीकी स्टार्टअप को असीमित अवसर प्रदान कर रहा है। यह आत्मनिर्भरता के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह वर्ष अद्वितीय है क्योंकि उत्तरी कमान, एसआईडीएम और आईआईटी जम्मू संयुक्त रूप से सैकड़ों उद्योगों और रक्षा तकनीक स्टार्ट-अप की मेजबानी कर रहे हैं।”

श्री सिन्हा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, देश के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर बहुत बल दिया गया है। हम एक जिम्मेदार अंतरिक्ष शक्ति हैं और हमने अपनी रणनीतिक शक्ति का प्रदर्शन किया है। इसके अलावा, पिछले वर्ष आईएनएस विक्रांत के प्रक्षेपण ने स्वदेशी क्षमताओं को विकसित करने के हमारे संकल्प को साबित किया है।” उन्होंने कहा कि पिछले 4-5 वर्षों में देश में हथियारों के आयात में काफी कमी आई है और रक्षा निर्यात पिछले वित्त वर्ष में सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है।

यह नवाचार और स्वदेशी प्रौद्योगिकी विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उपराज्यपाल ने कहा, “रक्षा उत्कृष्टता के लिए अनुसंधान एवं विकास, नवाचार पर हमारा ज्यादा जोर यह सुनिश्चित करेगा कि भारत भविष्य के युद्ध के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। मैं मातृभूमि के प्रति पूर्ण समर्पण और राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत करने के दृढ़ संकल्पित रहने के लिए सशस्त्र बलों को बधाई देता हूं और उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें