
नेशनल डेस्कः दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार सुबह दो अलग-अलग जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में NIA के साथ CRPF के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई एक चल रही जांच का हिस्सा है। हालांकि, जांच किस मामले से जुड़ी है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बिजबेहरा और डूरू में पहुंची NIA की टीमें
NIA की टीम ने अनंतनाग के बिजबेहरा इलाके में SICOP कार्यालय और डूरू इलाके के क्रेरी गांव में एक रिहायशी घर पर तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार, बिजबेहरा में कथित ड्रग पेडलर गुलाम नबी हजाम के घर पर भी तलाशी की गई। वहीं, दूसरी टीम ने क्रेरी डूरू में सुहैल गनी भट के घर पर जांच की। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण मिले हैं। इनमें मोबाइल फोन समेत दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस शामिल हैं। इन उपकरणों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।
#WATCH अनंतनाग, जम्मू और कश्मीर। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की एक टीम ने CRPF और जम्मू और कश्मीर पुलिस के जवानों के साथ अनंतनाग जिले में 2 जगहों पर रेड की। इसमें अधिक जानकारी का इंतजार है।
NIA टीम ने, संबंधित पुलिस वालों के साथ, चल रही जांच के तहत बिजबेहरा में SICOP पर रेड… pic.twitter.com/eBYUvMcJ28
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 22, 2026
जांच से जुड़ी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं
NIA की यह कार्रवाई किसी चल रही जांच से संबंधित बताई जा रही है। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन तलाशी अभियानों में किन आरोपों या किस मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, NIA की ओर से आगे चलकर इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जा सकती है। इसके बाद ही छापेमारी के उद्देश्य और जब्त किए गए सामान के बारे में ज्यादा जानकारी सामने आएगी।
जम्मू-कश्मीर में NIA की लगातार कार्रवाई
NIA पिछले कुछ वर्षों से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। एजेंसी ने घाटी में कई जगहों पर तलाशी और छापेमारी की कार्रवाई की है।
इन कार्रवाइयों का उद्देश्य आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क, संदिग्ध गतिविधियों और कथित टेरर-इकोसिस्टम से जुड़े लोगों और संसाधनों की जांच करना है।
कठुआ में भी सुरक्षा बलों ने चलाया था तलाशी अभियान
इससे पहले गुरुवार को कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था। यह कार्रवाई संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शुरू की गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, बिलावर के जंगलों में उधमपुर-कठुआ सीमा के पास स्थित वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तलाशी शुरू की।
घर का दरवाजा खटखटाने की घटना से बढ़ा संदेह
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार देर रात बिलावर इलाके के एक गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने एक घर का दरवाजा खटखटाया था। परिवार ने उस समय दरवाजा नहीं खोला। अगले दिन परिवार को पता चला कि घर में रखा कुछ खाना गायब था। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि कोई व्यक्ति घर के अंदर आया था। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हुईं और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। फिलहाल सुरक्षा बल संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की तलाश में इलाके की जांच कर रहे हैं। वहीं, अनंतनाग में NIA की शनिवार की कार्रवाई को लेकर एजेंसी की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...