Site icon Dainik Savera Times

अब अंधेरे में भी दुश्मन की खैर नहीं, हरक्यूलिस विमान की नाइट लैंडिंग कर भारतीय वायुसेना ने रचा इतिहास

श्रीनगर : भारतीय वायुसेना ने एक अहम उपलब्धि हासिल की। हरक्यूलिस विमान C-130J ने कारगिल हवाई पट्टी पर अपनी पहली नाइट लैंडिंग की है। कारगिल की यह हवाई पट्टी चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरी हुई है। ऐसे में रात के समय यहां विमान को उतारना बहुत मुश्किल था, लेकिन इस मिशन ने चुनौतीपूर्ण माहौल में भारतीय वायुसेना की क्षमता का प्रदर्शन किया।

एक्स पर एक पोस्ट में, भारतीय वायु सेना ने खुलासा किया कि कारगिल हवाई पट्टी पर रात में लैंडिंग के दौरान इलाके की मास्किंग की गई थी। भारतीय वायु सेना ने कहा कि इस अभ्यास से गरुड़ कमांडो के प्रशिक्षण मिशन में भी मदद मिली।

अब अंधेरे में भी दुश्मन पर नजर
भारतीय सेनाएं अपनी क्षमताएं बढ़ा रही हैं। वायुसेना का यह मिशन एक अभ्यास का हिस्सा था, जिसमें आपातकाल के समय कमांडो को जल्द से जल्द मोर्चों पर भेजा जा सके। पहली बार वायुसेना के हरक्यूलिस विमान को रात में कारगिल हवाई पट्टी पर उतारने का प्रयास किया गया, जिसमें वह सफल भी रही। वायुसेना ने इस मिशन के दौरान टेरेन मास्किंग तकनीक का इस्तेमाल किया। यह एक ऐसी रणनीति है जिसमें विमान दुश्मन के रडार को चकमा देकर अपने लक्ष्य तक पहुंच जाता है।

Exit mobile version