Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

“अभी पुष्टि नहीं हुई है”: ऑपरेशन महादेव में पहलगाम हमले के आतंकवादी के मारे जाने की खबरों पर बोले सीएम उमर अब्दुल्ला

July 28, 2025

“अभी पुष्टि नहीं हुई है”: ऑपरेशन महादेव में पहलगाम हमले के आतंकवादी के मारे जाने की खबरों पर बोले सीएम उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर ( जम्मू और कश्मीर ): 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले में शामिल एक आतंकवादी के ‘ ऑपरेशन महादेव ‘ मुठभेड़ में मारे जाने की खबरों के बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनमें से एक भी मारा जाता है तो यह अच्छी बात होगी।

यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, “अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है तो यह अच्छी बात है। पहलगाम हमले के दिन से ही, चाहे पुलिस हो, अर्धसैनिक बल हो या सेना हो, वे उनके (आतंकवादियों) पीछे लगे हुए हैं। अगर आज मुठभेड़ में उनमें से एक भी मारा जाता है तो यह अच्छी बात होगी।”

उनका यह बयान उन खबरों के बीच आया है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले में शामिल एक आतंकवादी को आज ऑपरेशन महादेव के तहत मार गिराया गया । इस हमले में 26 लोग मारे गए थे।

पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर जोन) विधि कुमार बिरदी ने आज कहा कि श्रीनगर में दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान के पास आज ‘ ऑपरेशन महादेव ‘ में मारे गए तीन आतंकवादियों की पहचान “प्रक्रिया में” है और इसमें “कुछ समय लगेगा।”

उन्होंने पुष्टि की कि हरवान में अभियान अभी भी जारी है।

कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने मीडियाकर्मियों को बताया, “अभियान अभी भी जारी है। अंदरूनी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तीन शव मिले हैं और ऐसा लगता है कि उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है। हमें उनकी पहचान करने में कुछ समय लगेगा, और टीमें अभी भी अंदर हैं।”

मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में हुई चर्चा का स्वागत किया ।

अब्दुल्ला ने कहा, ” ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा ठीक है, लेकिन उससे पहले पहलगाम पर चर्चा ज़रूरी है । हाल ही में एलजी साहब ने कहा कि इसमें निश्चित तौर पर लापरवाही हुई है। इसमें इंटेलिजेंस और सुरक्षा की विफलता की भूमिका रही है, इसलिए संसद में इस पर भी चर्चा होनी चाहिए कि आख़िर अगर इंटेलिजेंस की विफलता थी, सुरक्षा की विफलता थी, तो इसके लिए किसे ज़िम्मेदार ठहराया गया। उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी। “

जम्मू -कश्मीर के मुख्यमंत्री ने संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्य के मुद्दे पर घोषणाएं होने की उम्मीद जताई ।

उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि इस सत्र में हमें कुछ न कुछ मिलेगा। अगर हमें कुछ नहीं मिला, तो हम उसके बाद बात करेंगे। मैं हड़ताल पर नहीं जाऊँगा, कम से कम अभी तो नहीं, जब तक संसद सत्र चल रहा है…”

ये भी पढ़ें : सांबा में दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, कंद्राल और रामगढ़ सेक्टर में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें