Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर में हुए दो आतंकवादी हमलों की निंदा की

May 19, 2024

उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर में हुए दो आतंकवादी हमलों की निंदा की

श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेता उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिलों में हुए दो आतंकवादी हमलों की रविवार को निंदा की। इन हमलों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई जबकि राजस्थान के एक पर्यटक दंपती घायल हो गए। अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जयपुर के पर्यटक फराह और तबरेज घायल हो गए और शोपियां जिले में पूर्व सरपंच और भाजपा कार्यकर्ता ऐजाज अहमद शेख की आतंकवादियों ने हत्या कर दी।

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर की गई पोस्ट में कहा, दक्षिण कश्मीर में पर्यटकों और भाजपा के एक कार्यकर्ता पर हुए आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। मैं इन घातक हमलों की कड़ी निंदा करता हूं। ऐजाज अहमद के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दें। मैं राजस्थान के जयपुर के रहने वाले तबरेज और फराह के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ये आतंकवादी हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अनंतनाग-राजाैरी सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जारी है।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में बारामूला सीट पर सोमवार को मतदान होगा। अनंतनाग सीट पर सात मई को मतदान होना था, लेकिन जम्मू-कश्मीर में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा मौसम की स्थिति पर चिंता जताए जाने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया। अब इस सीट पर 25 मई को मतदान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें