जम्मू-कश्मीर डेस्कः पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट सोमवार देर रात एक पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में घुस आया। ड्रोन के अग्रिम भारतीय चौकियों के ऊपर मंडराने के बाद सेना के जवानों ने उस पर फायरिंग की, जिसके चलते वह वापस पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया।
अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को बालाकोट क्षेत्र में भारतीय अग्रिम चौकियों के ऊपर उड़ते हुए देखा गया था। सेना के जवानों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब नौ राउंड फायर किए, लेकिन ड्रोन काफी ऊंचाई पर होने के कारण उसे मार गिराया नहीं जा सका।
घटना के बाद मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। आशंका जताई जा रही थी कि ड्रोन के जरिए किसी प्रकार की एयरड्रॉपिंग की गई हो सकती है। हालांकि कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन पर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

