Site icon Dainik Savera Times

PM Modi ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का ताज, लोगों को वायदे पूरा करने का दिया भरोसा

श्रीनगर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर को भारत का ताज बताते हुये, क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिया कि उन्होंने जो वायदे किये हैं, उन्हेें निभाया जायेगा और राज्य के विकास के लिये हर काम समय से पूरा किया जायेगा। श्री मोदी सोनमर्ग सुरंग (जेड-मोड़-सुरंग) का उद्घाटन करने के बाद यहां आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने कहा, “ आप पक्का मानिये, ये मोदी है, वादा करता है, तो निभाता है। हर काम का समय होता है, सही समय पर सही काम भी होने वाले हैं। ”

इस मौके पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विकास मंत्री नितिन गडकरी, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह, केन्द्र शासित प्रदेश के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने कहा, “ कश्मीर तो देश का मुकुट है…भारत का ताज है। इसलिये, मैं चाहता हूं कि ये ताज और सुंदर हो, और समृद्ध हो। मुझे ये देखकर खुशी होती है कि इस काम में मुझे यहां के नौजवानों, बुजुर्गों , बेटे-बेटियों का लगातार साथ मिल रहा है।”
प्रधानमंत्री ने सोनमर्ग सुरंग को जम्मू-कश्मीर के लिये एक बड़ी सौगात बताते हुये कहा, आज मैं एक बड़ी सौगात लेकर आपके एक सेवक के रूप में आपके बीच आया हूं।

कुछ दिन पहले मुझे जम्मू में आपके अपने रेल डिवीजन का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। यह आपकी बहुत पुरानी मांग थी। आज मुझे सोनमर्ग सुरंग देश को और आपको सौंपने का मौका मिला है, यानी जम्मू-कश्मीर की, लद्दाख की एक और बहुत पुरानी मांग आज पूरी हुई है।” उन्होंने कहा कि सोनमर्ग सुरंग का वास्तविक निर्माण कार्य, उनकी सरकार ने 2015 में शुरू किया था और “ मुझे खुशी है कि इस सुरंग का काम हमारी ही सरकार में पूरा भी हुआ है। ”

ये भी पढ़ें: अमेरिका को यूरेनियम भंडार सौंपने की तैयारी में नेपाल सरकार! पड़ोसी देश की बढ़ी टेंशन 

Exit mobile version