Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के रण में उतरेंगे पीएम मोदी, कई रैलियों को करेंगे संबोधित

September 5, 2024

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के रण में उतरेंगे पीएम मोदी, कई रैलियों को करेंगे संबोधित

श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के प्रचार में उतरेंगे। पीएम मोदी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जम्मू-कश्मीर में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा के जम्मू-कश्मीर महासचिव अशोक कौल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है। अशोक कौल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जम्मू संभाग में दो और कश्मीर में एक रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर आएंगे। वह 6 सितंबर को जम्मू में भाजपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। अमित शाह शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर की अपनी यात्र के दौरान कश्मीर घाटी का भी दौरा कर सकते हैं।

भाजपा महासचिव अशोक कौल ने कहा, ‘भाजपा के उम्मीदवारों ने बुधवार को श्रीनगर में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कई लोग उनके समर्थन में वहां मौजूद रहे। कौल ने कहा, ‘कश्मीर के लोगों को पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर पूरा भरोसा है और वे मौजूदा विधानसभा चुनावों में भाजपा का समर्थन करेंगे। ‘इस बीच, भाजपा के सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली डोडा जिले में होने की संभावना है, जो हाल ही के दिनों में आतंकवादी हमलों का गवाह रहा है।

सूत्रों ने कहा, ‘भाजपा को प्रधानमंत्री मोदी जैसे एक बड़े नेता की जरूरत है, जो जम्मू-कश्मीर में पिछले 10 वर्षों के दौरान हुए बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और पर्यटन विकास के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए रैली में भीड़ जुटा सकें। ‘जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भाजपा अकेले ही उतरी है। पार्टी के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि भाजपा घाटी के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में जमीनी हालात को देखते हुए निर्दलीय विधायकों का समर्थन कर सकती है।

कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस 52 सीटों और कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा उन्होंने एक-एक सीटें सीपीआई (एम) और पैंथर्स पार्टी के लिए छोड़ी हैं।

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव होने हैं। घाटी में 47 और जम्मू संभाग में 43 सीटें हैं। कुल नौ सीटें, एसटी और सात सीटें एससी के लिए आरक्षित हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें