जम्मू: जम्मू पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन कामधेनु के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। आपको बता दें कि थाना झज्जर कोटली क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोवंशों की अवैध तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए कुल 10 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और तस्करी में इस्तेमाल हो रहे दो वाहनों को जब्त किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना वैध अनुमति के गोवंशों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना झज्जर कोटली की पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर अलग-अलग स्थानों पर दो संदिग्ध वाहनों को जांच के लिए रोका। जब इन वाहनों की तलाशी ली गई तो दोनों में गोवंशों को अमानवीय ढंग से ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था।
पहला वाहन, जिसका पंजीकरण नंबर JK19A-1567 है, उसमें चार गोवंश पाए गए। दूसरा वाहन, नंबर JK19A-2998, में छह गोवंश मौजूद थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और सभी गोवंशों को सुरक्षित रूप से पुलिस स्टेशन लाया गया। वहां उनके लिए पानी और चारे की समुचित व्यवस्था की गई ताकि उन्हें किसी प्रकार की और परेशानी न हो।
इस मामले में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए एफआईआर दर्ज की है। वाहन नंबर JK19A-1567 के संबंध में एफआईआर नंबर 142/2025 दर्ज की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में जुल्फिकार अहमद और अल्ताफ अहमद को आरोपी बनाया गया है, जो जिला अनंतनाग के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, दूसरे वाहन JK19A-2998 के संबंध में एफआईआर नंबर 143/2025 दर्ज की गई है। इस वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी के खिलाफ उनका अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।